मनी कुमार की रिपोर्ट
मधवापुर। प्रखंड क्षेत्र में सर्दी की पहली दस्तक शनिवार को दिखाई दी। कड़ाके की ठंड ने लोगों को अपने आने का एहसास करा दिया। रात्रि से ही कोहरे की चादर ढकी रही। सुबह कोहरे के चलते लोग समय से काम पर नहीं पहुंच सके। गलन भरी ठंड के साथ चलती ठंडी हवाओं ने दिनभर लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। चौक चौराहों और बाजार में लोग आग तापते दिखाई। ठंड के सीजन का शनिवार सबसे ठंडा दिन रहा। इसका एहसास शुक्रवार की रात से ही लोग करने लगे थे। आज सुबह घनघोर कोहरे के साथ ही ठंडी हवा ने अपना असर दिखाना शुरू किया जिससे लोग घरों से समय से नहीं निकल सके। पूरे दिन बदली छाए रहने और पड़ी ठंड के चलते हर शख्स परेशान दिखा। कई लोग तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना जताते रहे। यूं तो नवंबर महीने के अंत में ही मौसम में तेजी से ठंड बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार दिसंबर के अन्त में अचानक ठंड ने तेवर दिखाए है। सर्दी के मौसम में पहली बार जबरदस्त ठंड शनिवार को देखने को मिली। सुबह होते ही घर से बाहर निकलने में लोग ठंड के कारण कांपते दिखे। वही सड़क किनारे व चौराहों के आसपास लोग लकड़ी न होने से कागज व पेड़ के पत्तों से आग जला कर हाथ तापते दिखे। विद्यालयों में पहुंचे बच्चे भी सर्दी से ठिठुरते दिखाई दिये। वही ठंड से बचाव के लिए स्थानीय अमरनाथ भगत और हीरा शर्मा ने लोगों के लिए अलाव का अपने स्तर से व्यवस्था कर राहत पहुंचा रहे है। इस कोहरे की ठंड में बच्चे, बुजुर्ग और वाहन चलाने वाले को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऊनी गर्म कपड़ा का इस्तेमाल से सर्दी से बचाव की हो सकती है। हालांकि प्रशासन द्वारा अभी तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इस सम्बंध में अंचलाधिकारी रामकुमार पासवान ने कहा कि सभी राजस्व कर्मचारी को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही अलाव की व्यवस्था की जाएगी।