मधुबनी शहर में मंगलवार को अधिकतर एटीएम में कैश आउट रहा। इस वजह से एटीएम कार्डधारियों को खूब परेशानी झेलनी पड़ी, जबकि शहर के दायरे में विभिन्न बैंकों के करीब 50 से अधिक एटीएम लगे हैं, लेकिन अधिकांश एटीएम में कैश नहीं था।
बैंक कर्मी के अनुसार कम कैश डाले जाने की वजह से महज कुछ ही घंटे में खत्म हो जाते हैं। खाते में पैसे रहने की बाद भी ग्राहक अपने पैसे निकासी कर पाने में खुद को अक्षम पा रहे थे। शहर के स्टेशन चौक से पश्चिम टाउन क्लब मैदान जाने वाली सड़क के समीप लगी एसबीआई का एटीएम बिल्कुल ही खाली था। दिन के करीब 12 बजे पैसे नहीं रहने की वजह से कई खाताधारी इधर से उधर जाने को विवश थे। हालांकि करीब एक बजे उसमें पैसे डाले गये। इसके अलावा 13 नंबर गुमती के समीप भी एसबीआई के एटीएम में पैसे नहीं थे।
