-जिले में 1.41 लाख से अधिक मरीज डायबिटीज व 93 हजार से अधिक मरीज हाइपरटेंशन से पीड़ित
-गलत जीवनशैली से बढ़ रहा है ब्लड प्रेशर और डायबिटीज
-सुबह टहलने से नियंत्रित रहती है बीमारी
बदलते खान-पान, अनियंत्रित जीवनशैली और तनाव के कारण डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। मधुबनी जिले में ऐसे मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (2019-20) के आंकड़ों के अनुसार जिले में 7.4% महिलाएं तथा 9.3% पुरुष का रक्त शर्करा का उच्च स्तर 141-160 एमजी डीएल के बीच में है। 4.9% महिलाएं तथा 9.5% पुरुष का रक्त शर्करा का स्तर 160 एमजी/डीएल से अधिक है। वहीं जिले में 19.5% महिलाएं तथा 20% पुरुष जिनका रक्त शर्करा का स्तर 140 एमजी/डीएल से अधिक है, शर्करा को नियंत्रित करने के लिए दवाओं का सेवन करते हैं।
जिले में 1.41 लाख से अधिक मरीज डायबिटीज व 93 हजार से अधिक मरीज हाइपरटेंशन से पीड़ित हैं :
एनसीडीओ डॉ. अभिजीत कुमार ने बताया मधुबनी सदर अस्पताल के एनसीडी में इलाज कराने वाले डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के रोगियों की संख्या काफी बढ़ गई है। पहले ऐसे लोगों का डाटा एकत्र नहीं किया जाता था, लेकिन अब सब कुछ ऑनलाइन हो रहा है। पहले बुजुर्ग इन दोनों बीमारियों से पीड़ित होते थे, लेकिन अब युवा भी इस से पीड़ित हो रहे हैं। दिन-ब-दिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। एनसीडी सेल की ओर से भी इसका सर्वे किया जा रहा है।एनसीडी सेल के आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1,41,638 मरीज डायबिटीज से पीड़ित हैं, जिसमें 66,925 पुरुष तथा 73,697 महिलाएं हैं। वहीं हाइपरटेंशन से 93,230 मरीज पीड़ित हैं, जिसमें 35,409 पुरुष तथा 55,992 महिलाएं हैं।
गलत जीवनशैली से बढ़ रहा है ब्लड प्रेशर और डायबिटीज :
दोनों बीमारियों की मुख्य वजह हमारी गलत आदतें हैं। जब शरीर सही तरीके से रक्त में मौजूद ग्लूकोज या शुगर को उपयोग नहीं कर पाता तब व्यक्ति को डायबिटीज की समस्या हो जाती है। इसके मुख्य कारण इंसुलिन की कमी, परिवार में किसी व्यक्ति को डायबिटीज होना, बढ़ती उम्र, हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल, एक्सरसाइज नहीं करना, हार्मोन का असंतुलन, हाई ब्लड प्रेशर और खानपान की गलत आदतें हैं। वहीं ब्लड प्रेशर का मुख्य कारण धूम्रपान, मोटापा, कम या ज्यादा शारीरिक गतिविधि, नमक और शराब का अधिक सेवन, तनाव, आनुवांशिकी जैसी चिकित्सीय स्थिति और किडनी की पुरानी बीमारी है।
सुबह टहलने से नियंत्रित रहती है बीमारी :
डायबिटीज, ब्लड प्रेशर व हृदय रोग जैसी विभिन्न बीमारियों से बचाव और नियंत्रण के लिए सुबह टहलना जरूरी है। टहलने से शरीर के खून में मौजूद अतिरिक्त शुगर बर्न होता है, जिन्हें पहले से ही डायबिटीज हो उनके लिए टहलना अधिक फायदेमंद है। ऐसा नियमित करने से वे डायबिटीज से होने वाले अन्य स्वास्थ्य खतरों से बच सकते हैं। इसके अलावा ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है।
