- जन आरोग्य समिति का होगा गठन
- निक्षय मित्र बनने के लिए जिला यक्ष्मा केंद्र से कर सकते हैं संपर्क
आज मधुबनी जिले के सभी आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर निक्षय दिवस मनाया जाएगा। विदित हो कि अब प्रत्येक महीने की 16 तारीख को जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर निक्षय दिवस मनाया जाना है, लेकिन इस बार रविवार(सरकारी अवकाश) होने की वजह से इसे आज सोमवार को सभी केंद्रों पर मनाया जाएगा। जिसके तहत जिले के राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें संभावित रोगियों के लक्षणों की जांच की जाएगी। टीबी के लक्षण से युक्त व्यक्तियों का नजदीक के प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से एक्स-रे तथा बलगम की जांच करवाई जाएगी। जांच में टीबी रोग की पुष्टि होने पर एक सप्ताह के अंदर टीबी की दवा प्रारंभ की जाएगी। इसके साथ-साथ निक्षय पोर्टल पर टीबी रोगियों का नोटिफिकेशन किया जाएगा। इसके बाद आशा एवम सामुदायिक कार्यकर्ता के माध्यम से बैंक डिटेल प्राप्त कर डायरेक्ट टू बेनिफिसियरी (डीबीटी) के माध्यम से निक्षय पोषण की राशि 500 रुपए प्रति माह के दर से भुगतान सुनिश्चित करवाया जाएगा। इसके साथ-साथ समय-समय पर फॉलोअप जांच, टीबी मरीजों के सम्पर्क में रहने वाले बच्चों एवं व्यस्कों में टीबी निवारक उपचार भी शुरू किया जाएगा।
जन आरोग्य समिति का होगा गठन :
डीपीसी पंकज कुमार ने बताया आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जन आरोग्यं अगर गठित नहीं हुई है, तो गठित किया जाएगा, कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर (सीएचओ) के द्वारा जन आरोग्य समिति के सदस्यों का टीबी लक्षणों जांच एवं उपचार के निशुल्क व्यवस्था, टीबी आरोग्य रोगियों को सरकार की ओर से देय लाभ, निक्षय पोषण योजना, निक्षय पोषण की टीबी निवारक उपचार एवं नियमित एवं पूर्ण उपचार के लाभ दवा छोड़ देने से होने वाले नुकसान को बताया जाएगा।
निक्षय मित्र बनने के लिए जिला यक्ष्मा केंद्र से कर सकते हैं संपर्क :
डीपीसी पंकज ने बताया अब कोई भी सक्षम व्यक्ति निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को छः माह से साल भर के लिए गोद लेकर उनका मदद कर सकते हैं। जिसमें प्रतिमाह मरीजों के खाने के लिए फ़ूड बास्केट देने का प्रावधान है। निक्षय मित्र बनने के लिए अपने जिला यक्ष्मा केंद से संपर्क स्थापित किया जा सकता है। निक्षय मित्र बनने के लिए communitysupport.nikshay.in पर लॉगिन करने के बाद प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान पर क्लिक कर निक्षय मित्र पंजीयन फॉर्म पर क्लिक कर अपनी पूरी जानकारी देने के बाद ही इस अभियान से जुड़ा जा सकता है। इसके अलावा निक्षय हेल्प लाइन नंबर- 1800116666 पर कॉल कर के विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।
