मधुबनी जिले के लौकही पुरानी बाजार में मंगलवार के मध्य रात्री में भीमसेन घड़िया के घर में भीषण डकैती हुई है। बम की आवाज सुन लोग भयभीत हो गये। पुलिस को सूचना दी गई। डकैत करीब एक घंटे तक डकैती करते रहे। गैस कटर से ग्रील काट घर में घुसने की बात बताई गई है।
बता दें कि लौकही पुरानी बाजार की यह डकैती की दूसरी बड़ी घटना है। पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची, तो पुलिस पर बम फेंक कर डकैत चलते बने। वहीँ, पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सरकार के द्वारा लोगों की सुरक्षा हेतु दी गई शस्त्र एक बार फिर सफ़ेद हाथी साबित हुआ। पुलिस पर से लोगों की सुरक्षा की आशा निराशा मे बदली नजर आ रही है। यहां के लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहें हैं। इस घटना को लेकर लौकही बाजार सुबह से ही बंद है। लोग पुलिस के खिलाफ टायर जलाकर सड़क जाम किया एवं पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डकैत कौन-कौन सा सामान एवं कितना नगदी लूटा है, इस संबंध में गृहपति ने अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दी है। वैसे चर्चा है कि लाखों की संपत्ति की लूट हुई है।
इस बाबत डीएसपी फुलपरास दुर्गा शक्ति घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया एवं जल्द से जल्द उद्भेदन का आश्वासन दिया।
वहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक प्रखंड अध्यक्ष रामप्रसाद यादव आदि लोगों ने पुलिस के वरीय पदाधिकारी से इस घटना का उद्भेदन जल्द करने का आग्रह किया है।

