अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए गए कई कार्यक्रम
सूचना जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार से सूचीबद्ध सांस्कृतिक संस्था, जन जागरण युवा समिति, मधुबनी द्वारा मधुबनी जिला अंतर्गत रहिका,बेनीपट्टी,बिस्फी,मधवापुर,हरलाखी,कलुआही,बासोपट्टी,लदनिया,पंडोल,जयनगर,मधुबनी सदर में डॉ. शिव नारायण मिश्र लिखित नुक्कड़ नाटक “सावधानी हटी-दुर्घटना घटी” नाटक का आयोजन किया गया।
वहीं दूसरी ओर संगीत एवं ललित कला समिति,मधुबनी द्वारा राजनगर,खजौली, बाबूबरही,अंधराठाढ़ी,खुटौना फुलपरास,लोकही,घोघरडीहा लखनौर,झंझारपुर,मधेपुर प्रखंड कार्यालय के निकट प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के निर्देशानुसार गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के द्वारा अग्निसुरक्षा एवं हीटवेव से बचाव की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार के निर्देशानुसार जिले में भीषण गर्मी,लू से बचाव एवं अगलगी की घटनाओं पर काबू करने को लेकर जन जागरूकता हेतु दो नुक्कड़ नाटक दलों को जागरूकता हेतु प्रतिनियुक्त किया गया है तथा शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को अगलगी से बचने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने की अपील की थी।
मौके पर उपस्थित लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लू से बचाव और अगलगी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है, साथ ही विद्यालयों में बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। राजकीय शिक्षक सम्मान प्राप्त संगीत शिक्षक डॉक्टर शिव नारायण मिश्र एवं प्रधानाध्यापक अजीत कुमार साहू ने वाटसन उच्च विद्यालय के छात्रों को अग्नि सुरक्षा एवं लू से बचने की जानकारी दिए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से और जीविका दीदियों के माध्यम से गांव गांव में जागरूकता फैलाई गयी।
इस परिप्रेक्ष्य में जिले के सभी प्रखंडों के प्रमुख भीड़ भाड़ वाली जगहों पर लोगों को जागरूक किया गया।
अगलगी की घटनाओं के कारणों पर बोलते हुए नुक्कड़ नाटक टीम के बिरजू कुमार मिश्रा ने कहा कि अकसर लोग बीड़ी सिगरेट पीने के बाद उसे बिना बुझाए हुए घास पतवार में फेंक देते हैं। धीरे-धीरे वह अगलगी की घटना का रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए इन दिनों दिन में खाना बनाने से बचना चाहिए। सुबह आठ बजे से पूर्व और शाम छह बजे के बाद ही चूल्हा जलाना चाहिए। कलाकारों ने कहा कि संभावित अगलगी की घटना के मद्देनजर सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में खाना बनाने वाली जगहों पर ज्वलनशील पदार्थ एकत्रित कर न रखें, साथ ही बाल्टी में पानी अवश्य रखें।
बढ़ती गर्मी से लू चलने से आज कल दिन में अत्यधिक धूप रहती है। ऐसे में कलाकारो ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो दिन में 11 बजे से 04 बजे तक घर से न निकलें। मौसमी फलों और पानी का लगातार सेवन करते रहें।
वहीँ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परिमल कुमार ने सफल आयोजन के लिए सभी कलाकारों को धन्यवाद व्यक्त किए हैं।

