बिहार सरकार की परिवहन मंत्री शीला मंडल ने मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड के पिपराही पंचायत के पिपराही चौक से लदनियां भाया जयनगर मधुबनी से दरभंगा तक जाने वाली सरकारी बस का शुभारंभ किया।
मंत्री ने भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित लदनियां प्रखंड एवं जयनगर प्रखंड क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात दी है। इस बस परिचालन से नेपाल एवं सीमावर्ती लोगों को सीधा फायदा होगा। इसको लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह है।
मौके पर मंत्री शीला मंडल ने उपस्थित लोगों एवं प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार लोगों के विकास में सहायक हर तरह की योजना बना कर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश और दुनिया में नाम रोशन किया है।
वहीं, स्थानीय विधायक मीणा कुमारी ने कहा कि उनके अथक प्रयास से लदनियां,जयनगर एवं दरभंगा बस परिचालन का शुभारंभ हो सका है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह संभव हो सका है। जनहित से जुड़ी समस्या पर माननीय मुख्यमंत्री त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र का विकास करते हैं।
बता दें कि परिवहन मंत्री शीला मंडल एवं विधायक मीणा कुमारी ने संयुक्त रूप से इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान काफी संख्या में जदयू एवं राजद कार्यकर्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड जदयू अध्यक्ष कारी ठाकुर,हरी ओम सिंह,बिंदु कामत,प्रो. राम प्रसाद सिंह, चांद कामत,सूरज कामत,विन्देश्वर भंडारी,तहसीन अहमद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
