पटना से लौकहा जा रही बस मधुबनी बस स्टैंड के निकट सड़क किनारे तालाब में पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। दो घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायल निजी क्लिनिकों में इलाज करवा रहे हैं। घटना अहले सुबह करीब सवा तीन बजे घटी। मिली जानकारी के मुताबिक, पटना से रात करीब साढ़े दस बजे जय माता दी बस लौकहा के लिए रवाना हुई। बस मधुबनी बस स्टैंड रात के करीब तीन बजे पहुंची।
पटना से चढ़े अधिकांश यात्री मधुबनी में बस से उतर गए, यहां दो यात्री बस में सवार हुए। करीब एक दर्जन यात्रियों को लेकर बस रात सवा तीन बजे मधुबनी बस स्टैंड से लौकही के लिए रवाना हुई। बस रवाना होते ही बस स्टैंड के निकट ही माल गोदाम चौक से विनोदानंद झा कालोनी जाने वाली सड़क में बस तालाब में पलट गई। उस समय बस में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों के शोर से बस स्टैंड में मौजूद चालक, खलासी व अन्य यात्री घटनास्थल की ओर दौड़े और यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। बस में सवार एक दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से खुटौना प्रखंड के धर्मपुर की रुपा देवी एवं चंदर देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायलों का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।
बस में सवार खुटौना प्रखंड के अनिल प्रभाकर ने बताया कि वे पत्नी के साथ पटना से बस में सवार हुए थे। यात्रियों को बाहर निकालने के दौरान उन्हें भी चोट आई है। बस में सवार यात्रियों के अनुसार मधुबनी बस स्टैंड से लौकहा के लिए रवाना होते समय बस चालक की जगह खलासी चलाने लगा। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में क्रेन मंगा कर बस को तालाब से बाहर निकाला गया है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री की मौत नहीं हुई।