मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी प्रखण्ड परिक्षेत्र में एकाध दिन के अंतर पर रुक-रुक कर रोज वर्षा हो रही है। रविवार की सुबह भारी वर्षा हुई। वर्षा से गांवों की सड़को के साथ साथ अंधराठाढ़ी प्रखण्ड मुख्यालय बाजार की सूरत भी बिगड़ गयी है। मुख्यालय बाजार की अधिकांश महत्वपूर्ण जगहें कीचड़ और जलजमाव के गिरफ्त में हैं। मुख्यालय बाजार से जल निकासी के सभी पुराने स्त्रोत बन्द हो चुके है।
बताते चलें कि रामफल चौधरी स्मारक चौक, पीएनबी बैंक चौक, रेफरल अस्पताल आदि इस मुख्यालय बाजार के महत्वपूर्ण स्थल हैं। अमूमन सभी स्थलों पर कीचड़ और पानी है। रामफल चौधरी स्मारक चौक पर मुख्यालय बाजार में प्रवेश और बाहर निकासी के 5 रास्तों का मिलान स्थल है। बस, टेम्पू का अड्डा यहीं पर है। मुख्य बाजार के सरकारी प्लस टू एमआरजी, परियोजना बालिका विद्यालय, पोस्ट आफिस, पीएचसी, स्टेट बैंक आदि इसके ही इर्दगिर्द हैं। इन सड़कों के कीचड़ और पानी मे डूबने से लोगो की आवाजाही में भारी दिक्कत होती है। सर्दी, खाँसी, बुखार और चर्म रोगों के साथ साथ विषैले सांपो के दंश का खतरा रहता है।
प्रशासन मानसून के पहले तक जलनिकासी की फुलप्रूफ व्यवस्था कर लेने का दावा करता है। मानसून की पहली वर्षा से ही प्रशासनिक दावा की हवा निकलने लगती है। ऐसा वर्षो चला आ रहा है। पता नही आगे कब तक ऐसा ही चलेगा?
प्रखण्ड आरजेडी के पूर्व अध्यक्ष जयबीर यादव, राजद नेता अनिल लोहिया महेंद्र राय आदि ने बताया कि प्रशासन को आमलोगों की दिक्कतों की परवाह नही है, ऐसा लगता है।