बिस्फी,मधुबनी।
मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पांच
सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चिततकालीन “डेरा डालो-घेरा डालो” कार्यक्रम शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने प्रखंड क्षेत्र को सुखाड़ घोषित करने, भूमिहीन परिवार को सरकार के द्वारा 5 डिसमिल जमीन देने, एवं सरकारी जमीन पर बसे लोगों को वासगीत पर्चा दिए जाने, सिमरी, पतौना एवं बरदाहा गांव के सड़क दुर्घटना में मृतक परिवार को दस-दस लाख रुपया दिए जाने, विद्युत कनीय अभियंता की मनमानी आदि मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला मंत्री मनोज कुमार यादव, अंचल मंत्री बिंदु यादव, बाबूलाल महतो, हरी प्रसाद साहू ने कहा विद्युत कनीय अभियंता घर बैठे ही बिजली विभाग को चला रहा है। जिसके कारण यहां के बिजली उपभोक्ताओं को काफी परेशानियां हो रही है। इसकी जांच की जानी चाहिए। “घेरा डालो-डेरा डालो” कार्यक्रम में अमोद झा, अरुण कुमार, रणवीर कुमार, नदी सदाय, डोमू सदाय, पूरनी देवी, कौशल्या देवी आदि मौजूद थे।
