- अंतराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में जल्द शुरू होगा पोलियो टीकाकरण अभियान
- अपर कार्यपालक निदेशक ने सिविल सर्जन को लिखा पत्र
मधुबनी।
मधुबनी जिले के अंतराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान चलेगा। इस सम्बन्ध में अपर कार्यपालक निदेशक केशवेन्द्र कुमार ने पूर्वी चम्पारण के सिविल सर्जन डॉ० सुनील कुमार झा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि राज्य के चिन्हित अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पल्स पोलियो का टीकाकरण आरंभ किया जाए। वर्तमान में विश्व के कुछ देशों तथा हमारे पड़ोसी देश में अभी भी पोलियो का संक्रमण जारी है। उन देशों में अभी भी पोलियो के मामले परिलक्षित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्व में कहीं भी पोलियो का संक्रमण पाए जाने पर अन्य स्थानों पर भी इसके पहुँचने का खतरा बना रहता है। इससे बचाव हेतु नियमित रूप से उच्च गुणवत्ता का पल्स पोलियो अभियान चलाया जाना जरूरी है। इसलिए राज्य के चिन्हित अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्रों में नियमित रूप से पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाए। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन अपने जिला अंतर्गत चिन्हित अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पल्स पोलियो का टीकाकरण पूर्व की भांति नियमित रूप से कराना सुनिश्चित करें।सिविल सर्जन डॉ० झा ने बताया कि जिले के अंतराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र में पूर्व की भांति पुनः बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रों में जल्द शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान : डीआईओ
डीआईओ डॉ० एस.के. विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के जयनगर, लदनिया, हरलाखी बासोपट्टी खुटौना मधवापुर के विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र सहित नजदीकी गांवों, कस्बों तथा अन्य इलाकों में सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग बच्चों को रोगों से बचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि मिशन इंद्रधनुष या पोलियो टीकाकरण अभियान का उद्देश्य हमारे बच्चों को घातक रोगों से बचाना है।
संस्थाओं से पोलियो टीकाकरण अभियान में सहयोग की अपील:
डीआईओ डॉ० शैलेन्द्र विश्वकर्मा ने स्वास्थ्यकर्मियों, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ जैसे संस्थाओं से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है।