• साहरघाट थाना क्षेत्र के अखरहरघाट का मामला
मधवापुर,मधुबनी।
भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित साहरघाट थाना क्षेत्र के अखरहरघाट के समीप मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े शराब तस्करों का तांडव देखने को मिला, जहां एक युवक को जबरन स्कॉर्पियो से अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है।
अपहरण किए गए युवक की पहचान मधवापुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी गांव निवासी नरेश सहनी का 21 वर्षीय पुत्र पप्पू सहनी के रूप में बताए गए है। हालांकि अपहरण के बाद बच्चा चोरी का अफवाह सामने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिन के तीन बजे के आसपास ब्रह्मपुरी पूल और एसएसबी बीओपी के बीच मुख्य सड़क पर उक्त युवक साइकिल से आ रहा था। जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने युवक को पकड़ कर पहले गमछा से मुंह बांध दिया, फिर घसीट कर जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर तेज गति से साहरघाट की तरफ भाग गया, साथ में दो लोग अपाची बाइक से भी था।
सूचना मिलते ही बासुकी बिहारी दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया अमरेंद्र उर्फ राजू राय पहुंचकर साइकिल लेकर गांव गया, जहां पूछताछ के बाद युवक की पहचान बताया गया।
वही पूर्व मुखिया ने कहा कि यह सब शराब तस्कर है और अपहरण हुए लडका भी शराब की तस्करी करता है। आपस में शराब कारोबार और पैसे की लेनदेन के कारण उसका अपहरण किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि बोर्डर इलाके में शराब की तस्करी धरलले से हो रही है। शराब तस्कर बाइक पर शराब लादकर मुख्य सड़क से तेज गति में निकलता है। इसके अलावे शराब तस्कर कई अपराधिक घटनाओं को भी अंजाम देता है।
हमारे इलाके की पुलिस और एसएसबी इसे रोकने में पूरी तरह से विफल है, जल्द ही इस पर अगर लगाम नहीं लगाया गया, तो क्षेत्र को बर्बाद और युवाओं को अपराधी बनने से कोई नही रोक सकता है।
अब सवाल उठता है कि शराब तस्करों द्वारा दिनदहाड़े अपहरण की घटना को अंजाम दिया जाता है, जबकि सौ मीटर से कम की दूरी पर एसएसबी का कैंप है। प्रत्यक्षदर्शी के चिल्लाने के बाद भी कोई भी एसएसबी जवान बाहर नहीं निकलता है।
बहरहाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम है। इस संबंध में पूछने पर साहरघाट थानाध्यक्ष विजय पासवान ने कहा कि हमे घटना की कोई जानकारी नहीं है।
हालाकि एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
