जिलाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति को लेकर दिए कईदिशा-निर्देश।
जिले के किसानो को अपना धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो,यह हर हाल में करे सुनिश्चित- डीएम।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2022/23 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति के सफल क्रियान्वयन हेतु धान अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी पैक्स एक सप्ताह के अंदर अपना निबंधन अचूक रूप से करवा लें। उन्होंने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में सभी के पास गोदाम, तौल करने की मशीन और नमी मापने का यंत्र होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी के संदर्भ में विभाग द्वारा जीविका समूह एवं कृषि उत्पादन समूह की भूमिका भी तय की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की कोशिश है कि जिले के किसानों को अपना धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पैक्सो को बढ़ चढ़ कर अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बिचौलिए को बिल्कुल भी बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। इसके लिए सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को व्यापक निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने उसना मिल मालिकों को प्राथमिकता देने और सभी मिलों को जल्द से जल्द निबंधन करवा लेने की बात कही। ताकि, जिले के लक्ष्य को समय से हासिल किया जा सके। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिले के लक्ष्य को समय से हासिल करने में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उक्त बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, वंदना कुमारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अजय कुमार भारती, जिला कृषि पदाधिकारी, अशोक कुमार, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, पंकज कुमार सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी उपस्थित थे।
