- 14 जनवरी से होगी शुरुआत
- हाइपरटेंशन, डायबिटीज स्क्रीनिंग, आभा आईडी बनाना और टेलीकम्युनिकेशन पर होगा जोर
- किशोर एवं युवा से संबंधित स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी सेवाओं तथा कुष्ठ उन्मूलन गतिविधियों के संचालन के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक
मधुबनी जिले के सभी 168 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) पर प्रत्येक माह के 14 तारीख को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य मेला में अगले दो माह तक निम्न दो विषयों पर प्रमुखता के साथ काम करना है। जिसमें पहला है हाइपर टेंशन, डायबिटीज स्क्रीनिंग, आभा आईडी बनाना और टेली कम्युनिकेशन पर जोर दिया जाना। जबकि दूसरा है किशोर एवं युवा से संबंधित स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी सेवाओं तथा कुष्ठ उन्मूलन गतिविधि के संचालन हेतु लोगों को जागरूक करना।
कार्यपालक निदेशक ने पत्र जारी कर दिए निर्देश :
इस बाबत राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि राज्य के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर प्रत्येक माह के 14 तारीख को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। आयोजित स्वास्थ्य मेला के प्रतिवेदन हेतु हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पोर्टल पर फॉमेट उपलब्ध है, जिसे मेला के उपरांत भरा जाना है।
किया जायेगा प्रचार प्रसार :
जारी पत्र में बताया गया है कि स्वास्थ्य मेला के प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया से लेकर प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया, कम्युनिटी रेडियो, आशा दीदी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नेताओं की मदद लें, ताकि इन सभी लोगों के माध्यम से स्वास्थ्य मेला का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जा सके। जिसका मुख्य उद्धेश्य है अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य मेला के बारे में जानकारी पहुंचे। लाजिमी है कि जब ज्यादा प्रचार-प्रसार होगा तो लोग बड़ी संख्या में स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर इसका लाभ उठा सकेंगे। स्वास्थ्य मेला से संबंधित फोटो स्वास्थ्य मंत्रालय एंव एबी-एचडब्ल्यूसी के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने पत्र के माध्यम से कहा है कि स्वास्थ्य मेला को पूरी प्राथमिकता के साथ राज्य के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर प्रत्येक माह के 14 तारीख को आयोजित करना सुनिश्चित किया जाय।
