
महिला बंध्याकरण से आसान व सरल है पुरुष नसबंदी :- एसीएमओ
•परिवार नियोजन पखवाड़ा में अस्थायी परिवार नियोजन के साधनों का उठाया गया सबसे अधिक लाभ
•जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ मिशन परिवार विकास पखवाड़ा
मधुबनी जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 14 नवंबर से 4 दिसंबर तक मनाया गया। पखवाड़ा दो चरणों में आयोजित किया गया था, जिसके तहत 14 नवंबर से 20 नवंबर तक “दंपत्ति संपर्क सप्ताह” एवं 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया गया, जिसके तहत लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलायी गयी। जिले में कार्यरत ए.एन.एम. एवं आशा कार्यकर्त्ता ने घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को इसकी जानकारी देते हुए उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान इसके उपायों एवं लाभों से अवगत कराते हुए लोगों के बीच परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थायी साधनों की जानकारी एवं इसके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
