मधुबनी जिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विपल्व कुमार ने विभिन्न थानाध्यक्षों के साथ क्राइम मीटिंग की। इस दौरान जयनगर अनुमंडल के सभी थाना के थानाध्यक्ष मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान डीएसपी विपल्व कुमार का मुख्य रूप से फोकस लंबित मामलों के निष्पादन पर रहा। वहीं होली पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्होंने थानाध्यक्षों को विशेष दिशा-निर्देश दिया। डीएसपी ने होली पर्व पर शांति व विधि व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। त्योहार के दिन हुड़दंग मचाने व अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने का आदेश दिया। चोरी-छुपे शराब बेचने व पीने वालो पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान डीएसपी ने बारी-बारी से सभी थानाध्यक्षों से थाना क्षेत्र में दर्ज कांडों के अलावा अब तक कितने मामलों का निष्पादन कर चुके हैं, इसकी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्षों को लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताया। जल्द से जल्द निष्पादन का आदेश दिया। क्राइम कंट्रोल की दिशा में उन्होंने थानाध्यक्षों को पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही रात्रि गश्ती पर विशेष जोर दिया। होली त्योहार को देखते हुए उन्होंने थानाध्यक्षों को शराब तस्करों पर विशेष निगरानी रखने की हिदायत दी। हर हाल में क्षेत्र में विधि व्यवस्था को बनाए रखना होगा। डीएसपी ने कहा कि बॉर्डर से सटे इलाकों पर विशेष नजर रखे ताकि धंधेबाजों के मंसूबे कामयाब न हो सके।
इस मौके पर जयनगर थाना अध्यक्ष अमित कुमार, सर्किल इंसपेक्टर आर.के. भानु देवधा थाना अध्यक्ष रमेश कुमार,लदनिया थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सहित अन्य मौजूद थें।
