मधुबनी जिले के जयनगर नगर पंचायत कार्यालय सभागार में बुधवार को मुख्य पार्षद कैलाश पासवान की अध्यक्षता में बोर्ड की सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य को गति देते हुए कई योजनाओं पर सहमति प्रदान की गई।
जिसमें साधारण बोर्ड की बैठक में वार्ड नंबर 1 से 14 तक दिए गए योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति देने, नगर पंचायत कार्यालय सुरक्षा के मद्देनजर चार सैप जवानों को रखने, शहर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से 15 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रशासनिक स्वीकृति, मल क्षेत्र की जगह मिट्टी भराई एवं रंग रोहण कार्य का भुगतान करने, दस दैनिक मजदूर रखने की प्रशासनिक स्वीकृति देनें, वार्ड नंबर 6 डॉ. रीता झा गली में पीसीसी सङक निर्माण करने, शहर के मुख्य मार्ग पर एप्रोच पीसीसी बनाने, मो. नईम के घर से प्रो. कामेश्वर प्रसाद सिंह के घर तक पीसीसी चौङाई करने नलजल योजना की मरम्मती हेतु प्रशासनिक स्वीकृति देने, वार्ड नंबर 3 महावीर साह के घर से कैलाश मिश्र के घर तक मिट्टी भराई कार्य कराने की स्वीकृति कार्यालय में मुख्य पार्षद उप मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी कार्यालय के लिए सामान की खरीदारी करने, वार्ड नंबर 1से 14 तक प्रत्येक वार्ड में स्टील साईन बोर्ड लगाने समेत अन्य योजनाओं पर स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. इंद्र कुमार मंडल, उप मुख्य पार्षद माला देवी, वार्ड पार्षद शिवजी पासवान, हनुमान मोर, रीना गुप्ता, प्रधान लिपिक मोहन कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

