मधुबनी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मधुबनी नगर निगम के आवश्यकतानुसार आधारभूत संरचना एवं समग्र विकास हेतु समीक्षात्मक बैठक का आयोजन संपन्न हुआ। जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र में यातायात की जटिल स्थिति को देखते हुए अतिक्रमण मुक्ति अभियान नियमित रूप से चलाई जाए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सभी संकरी सड़कों की नापी करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गिलेशन बाजार और ट्रिंचिंग ग्राउंड के अतिक्रमण मुक्ति के बारे में भी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमण करने वालों से दंड स्वरूप जुर्माना राशि भी वसूली जाए। ताकि, अतिक्रमण करने वालों को सख्त संदेश जाए। इसके अतिरिक्त नाले में कचरा डालने वालों पर भी आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन और निर्माण कार्य पूर्ण कराई गई सड़कों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी नई सड़क के साथ नाले का निर्माण भी सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के वैसी सभी सड़कों की यथाशीघ्र मतम्मति कराई जाए, जहां वर्षा के दिनों में अत्यधिक जल जमाव रहता है। ताकि, बारिश के मौसम में आम शहरी को आवाजाही की परेशानी न हो।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में बनाए जा रहे मूत्रालय और शौचालयों के कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की और अन्य स्थलों पर भी इसके निर्माण की दिशा में कदम उठाने को कहा। जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र में बिना परमिट के चल रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए जब्ती करें। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में यातायात की बढ़ती समस्या को देखते हुए ऑटो पार्किंग की सुविधा मुहैया कराने के साथ साथ नगर निगम क्षेत्र में प्रवेश करने पर नियमानुसार शुल्क वसूली के निर्देश दिए। ताकि, अवांछित भीड़ भाड़ की परेशानी से मुक्ति मिल सके।
जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुराने चपाकाल की मरम्मती और आवश्यकता वाले जगहों पर नए चापाकाल लगाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी सरकारी अथवा गैर सरकारी तालाबों के अतिक्रमण पर गंभीर दिखे। उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और गैर सरकारी तालाबों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई जाए। ताकि, बढ़ते अतिक्रमण के हालात का जायजा लिया जा सके। उन्होंने माइकिंग के द्वारा तालाब को अतिक्रमित करने वाले लोगों को अतिक्रमण खाली करने की चेतावनी देने के निर्देश भी दिए हैं।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता नरेश झा, नगर आयुक्त अनिल चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अश्वनी कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, अमेत विक्रम बैनामी, प्रभारी पदाधिकारी जिला विकास शाखा, निधि राज, जिला परिवहन पदाधिकारी शशि शेखरण, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, रमेश कुमार शर्मा, कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण, अनिल कुमार, सिटी मैनेजर नगर निगम, राजमणि गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
