मधुबनी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय सह कक्ष में जिले भर से आए परिवादियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को सुना एवं सबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश भी दिया।
बताते चलें कि प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम के आयोजन के मौके पर जिलाधिकारी सभी परिवादियों से मुलाकात करते हैं और उनकी शिकायतों के निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी देते हैं। इस परिप्रेक्ष्य में आज कुल 53 परिवादी अपनी शिकायतों के साथ आए थे।
हमेशा की तरह सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। वहीं, कई लोग अपनी निजी समस्यायों के निराकरण हेतु भी आए थे।
पंडौल प्रखंड के कमलपुर निवासी मदन दास द्वारा बिचौलियों द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किए जाने की शिकायत की गई। पथराही, खुटौना के सेवा निवृत शिक्षक राम कृपाल पंडित ने आवेदन देकर सरकारी विद्यालय के भूमि अतिक्रमण की शिकायत की। राजनगर प्रखंड के चिचरी बुजुर्ग के रहने वाले कुलानंद देव ने शिकायत कि है कि उनके सगे ही उन्हें उनकी निजी जमीन से बेदखल कर रहे हैं। बाघा कुसमार, खुटौना के पलटू दास ने उनकी पंचायत की सरकारी सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने की मांग की। खुटौना प्रखंड के मझौरा के रहने वाले घूरन पासवान एवं अन्य के द्वारा उनके पंचायत के जनवितरण प्रणाली विक्रेता की शिकायत की है कि उनके द्वारा कम तौला जाता है। सदर के महाराजगंज की रहने वाली शिल्पी देवी ने जिलाधिकारी के समझ अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके पति से दहेज प्रताड़ना का मुकदमा चल रहा है। वो अपने मायके में रहती हैं जहां कुछ लोगों ने उनकी माता जी को यह कहकर गुमराह किया कि वो संपत्ति में अधिकार मांगेगी, जबकि ऐसी कोई बात नहीं है। वो बस अपने बच्चे को पालना चाहती हैं और बस इसके लिए मायके में रहती हैं। उनके हितों की रक्षा की जाए। बाबूबरही प्रखंड के खोजपुर निवासी राम लखन साहू उनके पंचायत में मनरेगा योजना में हुई अनियमितता की तरफ जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किया। वहीं, श्रीपुर हाटी मध्य पंचायत के नवहथ ग्राम निवासी भोला पासवान ने अपने पंचायत में नल जल योजना के अपूर्ण रहने की शिकायत की।
जिलाधिकारी द्वारा आए हुए सभी परिवादियों से बारी-बारी सारी शिकायतें सुनी गई और उनके परिवाद के निवारण हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
