मधुबनी जिले के खजौली संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा बिहार के आह्वान पर शनिवार को प्रखंड के सभी नियोजित शिक्षकों ने भी प्रखंड स्तर पर संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन कर राज्य सरकार द्वारा गठित नई शिक्षक नियमावली का विरोध किया।
इस दौरान स्थानीय प्रखंड संसाधन केन्द्र के सभागार में शिक्षक रामपरीक्षण यादव की अध्यक्षता में शिक्षकों ने एक बैठक कर राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा की राज्य सरकार द्वारा 10 अप्रैल 2023 को अधिसूचित बिहार राज विद्यालय अध्यापक नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवाशर्त नियमावली 2023 नियोजित शिक्षकों के साथ धोखा है। सरकार को अविलंब इसे वापस लेकर, सभी नियोजित शिक्षकों, पुस्तकालय अध्यक्षों, शारीरिक शिक्षकों एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों को राज्यकर्मी घोषित करना चाहिए। बाद में शिक्षकों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए प्रखंड परिसर पहुंच बिहार के मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी खजौली को सौंपा। इससे पूर्व आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षकों ने प्रदीप कुमार सिंह को संयुक्त संघर्ष मोर्चा का अध्यक्ष, सुरेश कुमार यादव को सचिव एवं रवि शेखर को कोषाध्यक्ष चुना। इस दौरान शिक्षकों ने राज्य संघ के निर्देशानुसार आंदोलन का आगे की रुपरेखा तय किये जाने की बात कही।
इस मौके पर गीता कुमारी, वीरेन्द्र प्रसाद सिंह, हीरा सिंह, मुन्नी कुमारी, अर्पणा कुमारी, हेमंत कुमार ठाकुर, जीवच सिंह, अरुण कुमार यादव, कृष्ण भूषण कुमार, शिव शंकर कुमार संतोष, पप्पू कुमार, अमित कुमार सिंह, शोभाकांत सिंह, राजेश कुमार, सुधांशु शेखर, बेचन राम, शिवनाथ मंडल, नूतन कुमार प्रजापति सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।
