खजौली,मधुबनी।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिले के खजौली प्रखंड में स्थानीय बीडीओ मनीष कुमार ने प्रखंड के पांच पंचायत के मुखिया एवं वार्ड सदस्यों के साथ शनिवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं से उपस्थित जन प्रतिनिधियों को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सभी वार्ड सदस्य अपने-अपने वार्ड में सोलर स्ट्रीट लाइट के अधिष्ठापन हेतु वार्ड के 10 स्थलों की प्राथमिकता सूची तैयार कर, उसे वार्ड क्रियान्वयन प्रबंध समिति से अनुमोदित करवाकर, ग्राम पंचायत में जमा करेंगे। ग्राम पंचायत वार्ड प्रबंधन समिति द्वारा अनुमोदित स्थलों के अतिरिक्त पंचायत अंतर्गत 10 और नए स्थलों का चयन कर ग्राम पंचायत की कार्यकारिणी समिति से अनुमोदित करवाकर, उसे प्रखंड कार्यालय में जमा करेंगे। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी मुखिया एवं वार्ड सदस्यों को तीन से चार दिनों के अन्दर चयन पश्चात अनुमोदित स्थलों की सूची आवश्यक रूप से प्रखंड कार्यालय में जमा कर देने का निर्देश दिया। बैठक में बेंता ककरघट्टी, रसीदपुर, इनरवा, सरावे एवं इनरवा पंचायत के मुखिया व वार्ड सदस्य शामिल थे।
