खजौली,मधुबनी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा को लेकर प्रखंड कार्यालय के सभागार में बीडीओ मनीष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास योजना के तहत आवास का निर्माण पूर्ण करने हेतु लाभुकों को जीविका के द्वारा दिए गए ऋण की पंचायतवार समीक्षा की गई। इस क्रम में ऋण लेकर आवास नहीं बनाने वाले लाभुकों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर करने का निदेश दिया गया। बैठक में उपस्थित मनरेगा कर्मियों से पिछले एक सप्ताह में आवास योजना के तहत की गई मजदूरी भुगतान की भी समीक्षा की गई। मनरेगा कर्मियों द्वारा एक सप्ताह में 72 लाभुकों को मजदूरी भुगतान किए जाने की बात कही गई। जबकि वित्तीय वर्ष 2016-17 एवं 2020-21 में 206 अपूर्ण आवास लाभुकों तथा वित्तीय वर्ष 2021-22 के 226 अपूर्ण आवास लाभुकों के विरुद्ध उजला, लाल नोटिस जारी करने तथा नीलाम पत्र वाद दायर करने का निदेश दिया गया। बैठक में आवास पर्यवेक्षक आशुतोष कुमार, लेखापाल मो. निजाम, धीरज कुमार, ज्योति कुमारी, मुक्ता कुमारी, शंकर प्रसाद गुप्ता सहित मनरेगा एवं आवास योजना के सभी कर्मी उपस्थित थे।
