• हरिने गांव में किया गया पुलिस के साथ अभद्रता
मधुबनी जिले के हरलाखी पुलिस के साथ गाली गलौज व धक्का मुक्की करने मामले में थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने स्वयं के प्रतिवेदन पर पांच नामजद व्यक्ति समेत तीन सौ अज्ञात महिला पुरूष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार बीते गुरुवार को हरिने गांव में शौचालय के सेफ्टी टैंक में दम घुटने से चार व्यक्ति की मौत होने की सूचना पर थानाध्यक्ष अनोज कुमार अपने साथ पु.अ.नि. यूगेश्वर सिंह समेत महिला पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंची, जहां पुलिस ने सेफ्टी टैंक की उपरी हिस्से को तोड़कर चारो मृतक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाली। उसके बाद सीएचसी उमगांव से चिकित्सक को बुलाकर जांच करायी, जहां चिकित्सकों ने चारों युवक को मृत घोषित कर दिया गया। फिर लिखित प्रक्रिया कर चारों युवक की शव को पोस्टमार्टम कराने हेतू पिकअप में रखा गया। इसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दिया कि एक युवक की सांसें चल रही है, जिसके बाद करीब तीन सौ की संख्या में हरिने गांव के महिला पुरूष ने वाहन को रोक कर हंगामा करने लगे। इसी क्रम में असमाजिक तत्वों के उकसाने पर हरिने गांव निवासी जीवछ पासवान, मो० जाकिर, मो० अलाउद्दीन राईन, मो०मुस्तकीम व मो० सरफुदिन अंसारी ने पुलिस के साथ धक्का मुक्की किया, साथ ही महिला पुलिस के साथ भी धक्का मुक्की की गयी। समझाने बुझाने की कोशिश करने पर चौकिदार श्याम पासवान के साथ भी गाली गलौज की, जिसका वीडियो व फ़ोटो साक्ष्य भी पुलिस के पास मौजूद है।
विदित हो कि सेफ्टी टैंक में दम घुटने से हरिने गांव निवासी मो० कासिम, रंजय साह, विकास कुमार व संतोष साह की मृत्यु हो गयी, जहां पहुंची पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर भी बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
इस बाबत थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों का पहचान की जा रही है।
