- पंचायत सचिव ने पूर्व के वार्ड सदस्य व वार्ड सचिव के विरुद्ध करायी प्राथमिकी
- खिरहर पंचायत के वार्ड नम्बर 10 का मामला
मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड के खिरहर पंचायत सचिव ने नलजल योजना में लाखों रुपये गबन करने के आरोप में खिरहर पंचायत वार्ड नम्बर 10 के पूर्व वार्ड सदस्य अतर गुलाब देवी व पूर्व वार्ड सचिव अशोक साफ़ी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी मधुबनी, उप विकास आयुक्त व जिला पंचायत पदाधिकारी के द्वारा अपूर्ण नलजल योजना को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश प्राप्त है, जिसको गंभीरता से लेते हुए बीडीओ व बीपीआरओ ने पूर्व में स्थल जांच के बाद संबंधित वार्ड सदस्य व वार्ड सचिव को नोटिस भेजकर अविलंब कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन अब तक पूरा नहीं किया गया है। जबकि प्राक्कलित राशि 17 लाख 72 हजार में विभाग के द्वारा 16 लाख 84 हजार वार्ड क्रियांवयन व प्रबंधन समिति के खाते में दिया जा चुका है, जिसमें 15 लाख व्यय करने के बाद मापी पुस्त में महज 10 लाख 1967 रुपए ही संधारित है। कहा गया है कि उक्त नामजद दोनों व्यक्तियों के द्वारा चार लाख 98 हजार 33 रुपये गबन करने का मंशा है।
इस बाबत थानाध्यक्ष अंजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है, पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है।
