डेढ़ माह बाद भी घटना का उद्भेदन नहीं होने से किया आक्रोश व्यक्त
बीते 20 जनवरी को अपराधियों ने हथियार के बल पर मंदिर में किया था डकैती
फोटो:- कल्याणेश्वर महादेव स्थान के प्रांगण में उपवास व धरना पर बैठे दर्जनों शिवभक्त
हरलाखी
थाना क्षेत्र के पौराणिक कल्याणेश्वर मंदिर में डकैती की घटना का उद्भेदन नहीं होने को लेकर मंदिर के पुजारी व शिवभक्तों ने शुक्रवार को एक दिवसीय अनशन किया. मंदिर परिसर में एक दिवसीय उपवास के दौरान पुजारी राजबल्लव सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिला कार्यकारिणी सदस्य वीरेन्द्र प्रसाद चौधरी, बालेश्वर ठाकुर, प्रदीप कुमार झा, नवल किशोर झा, रिटायर्ड शिक्षक बच्चा झा समेत भारत नेपाल के दर्जनों शिवभक्तों ने बताया कि विगत 20 जनवरी को करीब आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार के बल पर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान शिव के लिंग के उपर से करीब तीन किलो वाली चांदी की नाग व दान पेटी की चोरी कर ली गयी. वहीं अपराधियों ने पुजारी राज बल्लव सिंह को पिस्तौल सटाकर नगद रुपये समेत अन्य सामान भी वलूट लिया. इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज है. लेकिन पुलिस के द्वारा अबतक एक भी अपराधी को गिरफ्तार नही किया गया है. जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे है. कहा कि यदि पुलिस मामले का जल्द उद्भेदन नहीं करेगी तो हमलोग अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करने पर पर विवश हो जाएंगे. एक दिवसीय उपवास के समर्थन में महेश महतो, उदय कुमार सिंह, कृष्णकुमार ठाकुर, हिरा ठाकुर, अर्जुन उर्फ बौअन झा, किशुन ठाकुर, जगदीश ठाकुर सहित दर्जनों शिवभक्तों ने अपराधियों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तारी की मांग पुलिस प्रशासन से की है.
